मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में संदिग्ध परिस्थिति में तीन मौतें हुई हैं. घटना कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश गांव की है. मंगलवार (28 अप्रैल, 2026) को तीनों शव एक ही कमरे से मिले हैं. हर एंगल से पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं. परिजन जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगा रहे हैं.
मृतकों में संतोष साह की रीता देवी (30 साल), एक दो साल की बच्ची है और एक बेटा शामिल है. बेटे की उम्र तीन चार महीने के करीब होगी. कमरे से रस्सी मिली है. सारे शव बेड पर पड़े हुए थे. महिला के पति संतोष साह ने बताया कि वे कल अपने एक भाई के साथ शादी में कैटरिंग का काम करने गए थे. आज (मंगलवार) सुबह आए तो कमरा खोलने पर उन्होंने पत्नी और दोनों बच्चों का शव देखा. यह देख उसके होश उड़ गए.
संतोष साह ने घटना के लिए जिम्मेदार पड़ोसी (चचेरे भाइयों) को बताया है. उनके अनुसार, जमीन विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है. उन्होंने कहा कि परिवार को पहले से ही परेशान किया जा रहा था. महिला रीता देवी की गोतनी का कहना है कि वे जब सुबह उठीं तो उनका कमरा बाहर से बंद था. किसी तरह दरवाजा खुला तो उन्होंने देखा कि रीता, वैष्णवी और कन्हैया को मार दिया गया है.
क्या कह रही पुलिस?
पूरे मामले में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि मधुबन जगदीश गांव के रहने वाले संतोष साह कैटरर का काम करते हैं. रात में काम करने के बाद आज सुबह जब ये घर आए तो इनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों को इन्होंने मृत पाया. इसके बाद उन्होंने घर के सारे लोगों को बताया. एसपी ने बताया है कि जमीन को लेकर उनका पड़ोसी से विवाद चल रहा था. उन लोगों की ओर से बराबर धमकी दी जा रही थी. संतोष साह का आरोप है कि पड़ोसियों ने ही मिलकर उनकी पत्नी और जो बच्चे हैं उनकी हत्या कर दी है.
हिरासत में लिए गए कुछ लोग
उन्होंने कहा कि एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. साक्ष्य संकलन किया गया है. डेड बॉडी को देखने से लग रहा है कि गले में रस्सी का निशान है. जो दो साल की बच्ची है उसके गले में भी निशान है. जिन पर आरोप लगाया गया है उसमें से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. पूछताछ की जा रही है. बयान लिया जा रहा है. जो भी इसमें शामिल हैं उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी.