नालंदा: बिहार के नालंदा से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां चोरी के शक में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना राजगीर थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान बिहार शरीफ प्रखंड के दीपनगर थाना क्षेत्र गंजपर गांव निवासी अमरदीप पासवान के 22 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार और नरेश पासवान के पुत्र श्रवण कुमार के तौर की गई है.
लोगों ने युवकों की जमकर पिटाई: घटना के संबंध में राजगीर अनुमंडलीय डीएसपी संजित कुमार गुप्ता ने बताया कि अहले सुबह 3:30 बजे राजगीर थाना को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के पास स्थानीय लोगों ने चोरी के शक में दो युवकों को संदिग्ध हालात में पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी. जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
नाजुक हालात में मिले दोनों युवक: घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाजुक हालात में दोनों घायल युवकों को भीड़ से बचाकर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. उसके बाद दोनों के प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पटना PMCH रेफर कर दिया.
इलाज के दौरान युवकों की मौत: पीएमसीएच में इलाज के क्रम में दोनों युवकों की मौत हो गई. फिलहाल पुलिस दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर रही है. वहीं घटना में आगे की कार्रवाई भी जारी है.