बिहार चुनाव से पहले एनडीए की घेराबंदी; कांग्रेस शुरू करेगी ’20 साल, 20 सवाल’ कैंपेन

पटना: बिहार चुनाव से पहले एनडीए की घेराबंदी के लिए कांग्रेस बीस साल, बीस सवाल अभियान शुरू करेगी। पटना के सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में शनिवार को एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर दिन कांग्रेस के एक नेता बिहार से जुड़े मुद्दों पर 20 साल डबल इंजन की सरकार से सवाल करेंगे कि उन्होंने क्या किया। उनसे जनता की तरफ से सवाल पूछे जाएंगे। शनिवार को उन्होंने पीरपैंती बिजली घर से जुड़े सवाल पूछे।

उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में शुरू हुए प्रोजेक्ट को केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर बनाना था। लेकिन बाद में ये मोदी जी के दोस्त अडानी को क्यों दे दिया गया। इसके लिए बजट में आवंटित राशि कहां गई। कन्हैया कुमार ने कहा कि किसानों से सस्ती जमीन लेकर महंगी दर पर बिजली खरीद क्यों की जाएगी? अडानी अन्य राज्यों में फिक्स्ड रेट पर 3 रुपए प्रति यूनिट ठेका ले रहे हैं। लेकिन बिहार में यह 6 रुपए प्रति यूनिट पर ठेका ले रहे हैं। इससे 56,000 करोड़ रुपए की बचत बिहार में होती। अडानी को मनमानी रेट पर यह क्यों दिया गया है। तुम मुझे चंदा दो मैं तुम्हें धंधा दूंगा, इसी मुद्दे पर बिहार में वोट की चोरी हो रही है।

आपको बता दें इससे पहले एसआईआर के बाद चुनाव आयोग की तरफ से जारी की गई फाइनल वोटर लिस्ट पर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि हटाए गए नाम जोड़े गए नाम से बहुत ज्यादा हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हटाए गए नाम और जोड़े गए नाम का गहन मूल्यांकन करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह मुद्दा यहीं समाप्त नहीं होगा। पार्टी मतदाताओं के हक में लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर शुरू से ही एक छलावा रही है। इसे इतनी लापरवाही और अपारदर्शिता के साथ किया गया कि न्यायालय को दखल देना पड़ा। मुख्य चुनाव आयुक्त इसे सफल बता रहे हैं, जबकि वास्तव में इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पात्र मतदाताओं के नाम इरादतन काटे गए।