अब बिहार में ड्यूटी पर शहीद पुलिस कर्मी के परिवार को मिलेगा 1.50 करोड़ का सुरक्षा कवच

बिहार सरकार ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब अगर कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार होता है और उसकी मौत हो जाती है, तो उसके परिजनों को सीधे 1.50 करोड़ रुपये का बीमा लाभ मिलेगा। यह योजना पुलिसकर्मियों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत कवच साबित होगी। कुछ महीने पहले पटना के अटल पथ पर वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार गाड़ी ने एक महिला सिपाही को टक्कर मार दी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी मामले में पहली बार उनके परिवार को 1.50 करोड़ रुपये का बीमा लाभ दिया गया। पुलिस मुख्यालय ने बताया कि यह बिहार पुलिस के इतिहास में पहली बार हुआ है जब किसी शहीद महिला पुलिसकर्मी के परिवार को इतना बड़ा बीमा पैकेज मिला है।

बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा बीमा पैकेज
बिहार पुलिसकर्मियों का वेतन पैकेज अब बैंक ऑफ बड़ौदा से जोड़ा गया है। इसके तहत ड्यूटी के दौरान अगर किसी पुलिसकर्मी की जान जाती है, तो उसके परिजनों को सीधे डेढ़ करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। चूंकि सभी पुलिसकर्मियों के सैलरी खाते इसी बैंक में हैं, इसलिए परिवार को यह लाभ पाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

सरकारी मदद के साथ कई खास कोष भी
सरकारी मदद के अलावा पुलिस मुख्यालय ने अलग-अलग कोष बनाए हैं, ताकि शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को लंबे समय तक सहारा मिलता रहे। परोपकारी कोष: हाल ही में 53 पुलिसकर्मियों के परिवारों को 6.84 लाख रुपये दिए गए। शिक्षा कोष: बच्चों की पढ़ाई में पीजी स्तर तक सहायता मिलेगी (पहले केवल ग्रेजुएट तक थी)। स्वास्थ्य कोष: गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहयोग। पुलिस सहायता कल्याण कोष: असमय मृत्यु होने पर सालाना 24 हजार रुपये की मदद। इस साल 83 परिवारों को 32 लाख रुपये दिए जा रहे हैं।

अनुकंपा के आधार पर नौकरी
एडीजी (बजट, अपील एवं कल्याण) डॉ. कमल किशोर सिंह ने बताया कि इन योजनाओं के साथ-साथ अनुकंपा नीति भी है। इसमें शहीद पुलिसकर्मी के परिवार के किसी सदस्य को नौकरी देने का प्रावधान है, ताकि परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो सके। यह नई बीमा योजना और अलग-अलग कोष बिहार पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करेंगे। सरकार का यह कदम दिखाता है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अकेले नहीं हैं, उनके पीछे पूरा तंत्र और उनके परिवारों के लिए मजबूत सहारा मौजूद है।