नई दिल्लीl: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी चरम पर है। आज (मंगलवार) प्रचार का आखिरी दिन है। प्रचार अपने पूरे जोर पर है, दावों की बौछार हो रही है, और इसी बीच एक ओपिनियन पोल चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। इस पोल में तेजस्वी यादव के लिए अच्छी खबर सामने आई है।
बिहार का नया Opinion Poll
जेवीसी के ओपिनियन पोल के मुताबिक, बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद के मामले में तेजस्वी यादव सबसे आगे हैं। करीब 33% लोग चाहते हैं कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव हों। वहीं, नीतीश कुमार की लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई है, और अब लगभग 29% लोग उन्हें पसंद कर रहे हैं। इस पोल का एक हैरान कर देने वाला पहलू यह भी है कि प्रशांत किशोर और चिराग पासवान को भी मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। दोनों को ही लगभग 10% लोगों का समर्थन मिला है।
चिराग-पीके को लेकर क्या पता चला है?
जेवीसी पोल में यह भी कहा गया है कि महागठबंधन से कोई और चेहरा भी मुख्यमंत्री बन सकता है, लेकिन ऐसी राय रखने वालों की संख्या मात्र 5% के आसपास है। हालांकि, सीटों के अनुमान में एनडीए को बढ़त मिलती दिख रही है। पोल के मुताबिक, एनडीए 120 से 140 सीटें जीत सकता है, जबकि महागठबंधन के खाते में 93 से 112 सीटें जा सकती हैं। बिहार चुनाव को लेकर कुछ दूसरे ओपिनियन पोल भी सामने आए हैं, वहां भी सीटों के मामले में एनडीए को मामूली बढ़त दिखाई जा रही है, लेकिन ज्यादातर सीटों पर कांटे का मुकाबला है।
जानकारी के लिए बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।