बिहार में नई सरकार की कवायद शुरु, 8 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक, हो सकते हैं ये फैसले

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही दिल्ली की ओर रवाना होने वाले हैं. इससे पहले बुधवार, 8 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी मीटिंग प्रस्तावित है. दरअसल, बिहार में नई NDA सरकार के गठन की कवायद शुरू हो गई है. सूत्रों की मानें तो एनडीए के सभी विधायकों को 12 अप्रैल से पटना में रहने को कहा गया है. इस बीच जानकारी मिल रही है कि नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक कल यानी 8 अप्रैल को हो सकती है.

संभावित कैबिनेट मीटिंग में कई अहम प्रस्ताव पर मंजूरी मिलेगी. माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी प्रस्ताव संभव है कि बिहार को लेकर नीतीश कुमार के विजन पर ही 2030 तक काम किया जाएगा. समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने जिन योजनाओं को हरी झंडी दिखाई, उनको पूरा करने का फैसला होगा.

10 अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता लेंगे नीतीश कुमार

सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 8 अप्रैल को राज्य कैबिनेट की आखिरी बैठक हो सकती है. इसके बाद 9 अप्रैल को नीतीश दिल्ली चले जाएंगे और फिर 10 अप्रैल को दिल्ली में राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेंगे. 11 अप्रैल को वे दिल्ली से वापस पटना आएंगे और फिर 12 या 13 अप्रैल को नीतीश कुमार विधानमंडल दल की बैठक बुला सकते हैं.

13 अप्रैल के बीद सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश कुमार

नीतीश कुमार इस बैठक में मुख्यमंत्री पद छोड़ने के फैसले की जानकारी आधिकारिक तौर पर देंगे. उसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी. एनडीए विधानमंडल दल नए नेता का चयन करेगा. राज्यपाल के पास विधिवत सरकार गठन के लिए प्रस्ताव जाएगा. उसके बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा.