बिहार में बेटे की हार्ट अटैक से मौत, सदमे में मां ने भी दम तोड़ दिया

मुजफ्फरपुर : सुबह में बेटा तो शाम में मां की अर्थी उठी। बिहार के मुजफ्फरपुर इस घटना ने सबको गम से भर दिया। यह हृदयविदारक घटना शहर के अंडीगोला इलाके की है। बुधवार सुबह में बेटे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटे की मौत का सदमा मां नहीं सह पाई और चंद घंटे बाद उसने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

अंडीगोला में व्यवसायी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हर जानने वाले की आंखें भरी थीं कि हे ईश्वर यह क्या अनर्थ हो गया। शहर के प्रसिद्ध गल्ला व्यवसाई कन्हैया लाल सलामपुरिया के छोटे बेटे 54 वर्षीय व्यवसाई अनिल कुमार की सुबह में हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सुबह 7.30 बजे उन्हें सीने में दर्द हुआ। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी हो ही रही थी कि उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने अनिल का अंतिम संस्कार सिकंदरपुर स्थित मुक्तिधाम में किया। जैसे ही परिवार के लोग अंतिम संस्कार के बाद घर लौटा वैसी ही बेटे की मौत के सदमे में 78 वर्षीय मां विमला देवी ने भी दम तोड़ दिया। परिवार पर जैसे एक के बाद एक दुख का पहाड़ टूट पड़ा।

एक साथ दो मौत होने पर व्यापारियों ने जताई संवेदना
परिवार के मुखिया कन्हैया लाल सलामपुरिया ने बताया कि जिंदगी का सबसे बड़ा दुखा उन्हें आज मिला है। एक ही दिन में बेटा और पत्नी दोनों का चले जाना बेहद दुखदायी है। कहा कि बेटे की अचानक मौत ने मेरी पत्नी को तोड़ कर रख दिया था। इस घटना से पूरा अंडीगोला इलाका शोक में डूब गया है। स्थानीय लोग और व्यापारी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। पूरा मोहल्ला इस दोहरी क्षति को भगवान की मर्जी बताते हुए परिवार को ढांढ़स बंधाने की कोशिश कर रहा है।