पटना: पार्टी और परिवार से निकाले गए लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव इन दिनों चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। घूम-घूमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस बीच उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नंबर ब्लॉक करने की बात कह रहे है। तेज प्रताप ने इसकी वजह भी बताई। उन्होने कहा कि जब अखिलेश यादव हाल में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने बिहार आए थे। इस दौरान उन्होने कई बार उन्हें फोन किया। लेकिन उन्होने कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। उनका फोन तक नहीं उठाया।
यही नहीं जिस ताज होटल में अखिलेश यादव ठहरे थे। वहां भी संदेश लेकर अपना आदमी भेजा। लेकिन सपा अध्यक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार मैंने मैसेज भेजे लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पहले मेरी उनसे काफी बात होती थी। लेकिन उस दिन के बाद से अब मेरी कोई बात नहीं होती है। अब मैंने भी उनका नंबर ब्लॉक कर दिया है।
तेज प्रताप ने नंबर ब्लॉक करने के साथ-साथ अखिलेश यादव को अपने एक्स अकाउंट से भी अनफॉलो कर दिया है। आपको बता दें तेज प्रताप के पिता लालू यादव और अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव के परिवारों के बीच दोस्ती दशकों पुरानी है, पारिवारिक रिश्ते भी हैं। अखिलेश जब वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने आए थे, तब उन्होने पटना में आरजेडी चीफ लालू यादव, राबड़ी देवी से मुलाकात की थी। लेकिन तेज प्रताप से किसी तरह की कोई बात नहीं हुई। तेज प्रताप इसी बात से भड़के हुए हैं, कि फोन और मैसेज के बावजूद अखिलेश यादव ने कोई जवाब नहीं दिया।
आपको बता दें तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) बनाई है। वे इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। सोशल मीडिया एक्स पर तेज प्रताप ने सार्वजनिक रूप से पहली बार अपनी पार्टी के नामकरण, चुनाव चिह्न और दल की नीतियों का ऐलान किया। तेज प्रताप ने अपनी पार्टी का नाम राष्ट्रीय जनता दल से मिला-जुला ही रखा है। तेज प्रताप ने जेजेडी का पोस्टर जारी करते हुए कहा है कि हमलोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तत्पर हैं। हमारा मकसद बिहार में संपूर्ण बदलाव कर एक नई व्यवस्था का नवनिर्माण करना है।
तेज प्रताप ने पार्टी का एक नारा भी जारी किया है- जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज, बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप। पार्टी को चुनाव आयोग ने ब्लैक बोर्ड चिह्न आवंटित किया है।