छठ महापर्व गुजरते ही बिहार चुनाव में सियासी दलों के प्रचार अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज (बुधवार, 29 अक्टूबर) से बिहार चुनाव के लिए प्रचार अभियान में उतर रहे हैं. राहुल गांधी की बिहार में 11 रैलियां होनी हैं. वे आज राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ मुजफ्फरपुर और दरभंगा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. कल यानी 30 अक्टूबर को राहुल बरबीघा और नालंदा में एक-एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं.
इसके बाद 02 नवंबर को खगड़िया, 04 नवंबर को पूर्णिया और बहादुरगंज, 05 नवंबर को औरंगाबाद और वजीरगंज में जनसभाएं करेंगे. इसके बाद 07 नवंबर को फारबिसगंज और बरारी में एक-एक रैली प्रस्तावित है. राहुल गांधी के अलावा उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी बिहार में धुआंधार प्रचार करेंगे. वहीं एनडीए की ओर बीजेपी भी अपने दिग्गज नेताओं की पूरी फौज उतारने जा रही है. बीजेपी की ओर से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी आज चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाले हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ताबड़तोड़ रैलियां करने में जुटे हैं.