पटना. बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है. विधानसभा सचिवालय को एक ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च को विधानसभा सचिवालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया और सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की.
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वे इस मामले की जानकारी तुरंत राज्य के मुख्य सचिव और बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को दें, ताकि विधानसभा परिसर की सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल जांच कराई जा सके. धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि विधानसभा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी भरा ई-मेल किसने और कहां से भेजा. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं.