बंद कमरे में रचाई शादी, रास्ते से दुल्हन को उड़ा ले गए बदमाश; बिहार में राजस्थान के दूल्हे से 1.95 लाख की ठगी

खगड़िया। शादी का झांसा देकर राजस्थान के एक युवक से न सिर्फ एक लाख 95 हजार रुपये ठग लिए गए, बल्कि युवक व उसके परिजनों के साथ मारपीट भी की गई। गुरुवार को बेलदौर थाना क्षेत्र में घायल अवस्था में मिले परिजनों ने इसकी जानकारी देते हुए मामले का खुलासा किया।

जानकारी के अनुसार, ठग गिरोह के सदस्यों ने राजस्थान के एक युवक को शादी कराने का झांसा दिया और उसे व उसके परिजनों को मधेपुरा के आलमनगर बुलाया। गिरोह के सदस्यों ने दूल्हे के परिजनों से शादी कराने के नाम पर फोन के माध्यमबंद कमरे में रचाई शादी, रास्ते से दुल्हन को उड़ा ले गए बदमाश; बिहार में राजस्थान के दूल्हे से 1.95 लाख की ठगी से एक लाख 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए।

इसके बाद युवक को दूल्हा बनाकर एक बंद कमरे में एक लड़की के साथ विवाह की रस्में पूरी करा दी गईं। फिर ऑटो से दूल्हे एवं दुल्हन को परिजनों के साथ विदा कर दिया गया।

इसी दौरान रास्ते में एक सुनसान जगह पर तीन बाइकों पर सवार गिरोह के आधा दर्जन बदमाशों ने ऑटो रोका और दुल्हन को लेकर फरार हो गए। जब दूल्हे के परिजनों ने इसका विरोध किया, तो दूल्हे के भाई के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया।

बाइक सवार अपराधी दूल्हे और उसके भाई को बंधक बनाकर सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने फिर से जबरन 70 हजार रुपये पे-फोन से ट्रांसफर करवाए और उसके बाद उन्हें मुक्त किया। ठगी के शिकार लोगों ने इसकी सूचना बेलदौर पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर बेलदौर पुलिस राजस्थान के दूल्हे समेत उसके परिजनों को थाने लाई और घटना के संबंध में जानकारी ली। लेकिन, जब उनसे लिखित आवेदन (शिकायत) देने को कहा गया, तो उन्होंने इनकार कर दिया। इस कारण पुलिस आगे की कार्रवाई नहीं कर पाई।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के गंगानगर जिले के झमूरवाली गांव के रहने वाले दूल्हे भवानी शंकर को ठगों ने शादी का झांसा देकर बुलाया था।

दूल्हे भवानी शंकर के साथ उसका भाई राकेश कुमार, फुफेरा भाई दुलीचंद और भाभी पूनम देवी समेत पांच लोग बुधवार को खगड़िया जंक्शन पर उतरने के बाद बस से आलमनगर पहुंचे थे।

पीड़ित दूल्हे भवानी शंकर के अनुसार, ठग उन सभी को ऑटो से आलमनगर थाना क्षेत्र के आकहा गांव ले गए। वहां गिरोह के सदस्यों ने उनसे एक लाख 25 हजार रुपये लेने के बाद बंद कमरे में शादी की रस्में पूरी कीं। देर रात ही दो ऑटो से दुल्हन व परिजनों समेत सभी को विदा कर दिया गया।

बेलदौर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में प्रवेश करते ही तीन बाइकों पर सवार आधा दर्जन अपराधियों ने ऑटो को रोका और दुल्हन को लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट कर दूल्हे के भाई राकेश कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अपराधी दुल्हन के साथ-साथ दूल्हे और राकेश कुमार को भी बंधक बनाकर अपने साथ ले गए। वहां अपराधियों ने फिर से 70 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद वे दूल्हे और उसके घायल भाई राकेश को बाइक पर बिठाकर तिलाठी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।