एप्पल लवर्स को लगा तगड़ा झटका! अचानक महंगे हुए मैकबुक और आईपैड, कीमतें देखकर उड़ जाएंगे होश

अगर आप भी इस साल नया आईपैड या मैकबुक खरीदने की प्लानिंग कर रहे थे, तो आपके लिए एक बेहद बुरी खबर है. दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे मुनाफे वाली टेक कंपनियों में से एक, एप्पल (Apple) ने अपने कई पॉपुलर प्रोडक्ट्स की कीमतों में अचानक भारी बढ़ोतरी कर दी है. चौंकाने वाली बात यह है कि यह बदलाव बिना किसी बड़े इवेंट के सीधे एप्पल के ऑनलाइन स्टोर पर लाइव कर दिया गया है. इस प्राइस हाइक के पीछे का कारण कोई आम टैक्स या ड्यूटी नहीं, बल्कि दुनिया भर में चल रहा एआई (AI) का क्रेज है. एआई की वजह से मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की भारी कमी हो गई है, जिससे एप्पल को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है.

कौन-कौन से प्रोडक्ट्स हुए महंगे
एप्पल ने अपने एंट्री-लेवल प्रोडक्ट्स से लेकर प्रीमियम गैजेट्स तक की कीमतें बढ़ाई हैं. सबसे किफायती मैकबुक ‘नियो’ (Neo) की कीमत अब 599 डॉलर से बढ़कर 699 डॉलर (करीब 8,400 रुपये की बढ़त) हो गई है. वहीं, सबसे सस्ता आईपैड अब 349 डॉलर की जगह 449 डॉलर में मिलेगा. आईपैड मिनी की कीमत में भी पूरे 100 डॉलर की बढ़ोतरी की गई है और यह अब 599 डॉलर का हो गया है. इसके अलावा एप्पल टीवी अब 199 डॉलर, होमपॉड स्पीकर 349 डॉलर और प्रीमियम विजन प्रो हेडसेट की कीमत 200 डॉलर बढ़कर 3,699 डॉलर तक पहुंच गई है.

एआई (AI) बना कीमतों में बढ़ोतरी का असली विलेन
एप्पल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की है कि दुनिया भर में तेजी से खुल रहे एआई डेटा सेंटर्स की वजह से मेमोरी और स्टोरेज की डिमांड में अभूतपूर्व उछाल आया है. कंपनी का कहना है कि उन्होंने इतिहास में कभी भी कंपोनेंट की कीमतों को इतनी तेजी से बढ़ते हुए नहीं देखा था. एप्पल के सीईओ टिम कुक ने पिछले हफ्ते ही चेतावनी दी थी कि चिप की बढ़ती कीमतों के कारण गैजेट्स का महंगा होना अब ‘अनिवार्य’ हो चुका है और ग्राहकों को इस झटके के लिए तैयार रहना चाहिए.

शेयर बाजार में एप्पल को लगा बड़ा झटका
कीमतें बढ़ाने की इस खबर का सीधा असर एप्पल के बिजनेस पर भी देखने को मिला है. गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में एप्पल के शेयर्स (AAPL) में 6.1% की भारी गिरावट दर्ज की गई. पिछले एक साल से भी ज्यादा समय में यह एप्पल के लिए सबसे खराब दिन साबित हुआ है. निवेशकों को डर है कि कीमतें बढ़ने से इन प्रोडक्ट्स की बिक्री प्रभावित हो सकती है. हालांकि, ग्राहकों के लिए एक छोटी सी राहत की बात यह है कि आईफोन (iPhone) और एयरपॉड्स (AirPods) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

ग्राहकों के लिए अभी भी है एक मौका
भले ही एप्पल की ऑफिशियल वेबसाइट पर नई कीमतें लागू हो चुकी हैं, लेकिन बेस्ट बाय (Best Buy) और टारगेट (Target) जैसी कुछ थर्ड-पार्टी रीसेलर वेबसाइट्स पर अभी भी पुराने स्टॉक्स पुरानी कीमतों पर ही दिखाए दे रहे हैं. ऐसे में अगर आप इन गैजेट्स को पुरानी कीमत पर ही खरीदना चाहते हैं, तो आपके पास बेहद सीमित समय है. टिम कुक ने वॉल स्ट्रीट जर्नल से बातचीत में कहा कि वे लंबे समय से अपने ग्राहकों को इस बोझ से बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह कंट्रोल से बाहर हो चुकी है.