बैंकों की 6 में से 5 द‍िन की छुट्टी, शेयर बाजार में ट्रेड‍िंग बंद; गोल्‍ड में भी नहीं होगी हलचल

Bank Holidays Update: इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध में वेस्‍ट एश‍िया में तनाव चरम पर है. शेयर बाजार और बुल‍ियन मार्केट में भारी उठा-पटक का दौर चल रहा है. सोमवार को शेयर मार्केट और सोने-चांदी में ग‍िरावट के बाद प‍िछले दो द‍िन से दोनों में तेजी देखी जा रही है. जंग के कारण दबाव में चल रहे बाजार को 26 मार्च को छुट्टी होने के कारण एक द‍िन का ब्रेक मि‍ल गया है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आज पूरे द‍िन कारोबार बंद रहेगा. इक्‍व‍िटी, इक्‍व‍िटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंड‍िंग समेत सभी सेगमेंट में आज क‍िसी तरह की ट्रेडिंग नहीं होगी.

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह का सेशन (9 बजे से 5 बजे तक) पूरी तरह बंद रहेगा. लेकिन शाम का सेशन 5 बजे से 11:30 बजे तक खुला रहेगा. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) सुबह और शाम दोनों सेशन के ल‍िए पूरी तरह बंद है. 27 मार्च से दोनों एक्‍सचेंज पर नॉर्मल ट्रेडिंग शुरू होगी. अगले कुछ द‍िन में वीकेंड और त्‍योहारों की छुट्टी के कारण ट्रेडिंग के द‍िन और कम हो जाएंगे. 26 मार्च को राम नवमी के बाद 31 मार्च को महावीर जयंती पर भी बाजार बंद रहेगा.

शेयर बाजार की आगामी छुट्टियां
आगामी हफ्ते में शेयर बाजार की दो और छुट्ट‍ियां हैं. 31 मार्च को BSE और NSE श्री महावीर जयंती के कारण, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे पर ट्रेडिंग होगी. इसके बाद अप्रैल के महीने में 14 तारीख को डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर जयंती के कारण बाजार बंद रहेगा. मई में भी एनएसई और बीएसई दो द‍िन का ट्रेडिंग हॉलिडे है. इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने ग्‍लोबल मार्केट में तेजी और अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की उम्‍मीद के बीच मजबूत बढ़त दर्ज की थी.

आज इन शहरों में बैंक का अवकाश
इसके अलावा राम नवमी के मौके पर 26 मार्च को देश के अलग-अलग शहरों में बैंकों का हॉलीडे है. आरबीआई के हॉलीडे कैलेंडर में बैंक की छुट्ट‍ियां राज्य और लोकल लेवल पर अलग-अलग होती हैं. आज अहमदाबाद, आइजोल, चंडीगढ़, देहरादून, जयपुर, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर और शिमला में बैंकों का अवकाश है. हालांक‍ि, दौरान बैंक की ऑनलाइन सर्व‍िस उपलब्‍ध रहेंगी. आप ऑनलाइन बैंक‍िंग के जर‍िये NEFT, IMPS और RTGS से 24 घंटे पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं. इसके अलावा यूपीआई से भी पैसा भेजा और प्राप्‍त क‍िया जा सकता है.

26 से 31 तक एक ही द‍िन खुलेंगे बैंक!
मार्च के आख‍िरी हफ्ते में बैंक‍िंग सर्व‍िस लंबी छुट्ट‍ियों को लेकर प्रभाव‍ित रहेगी. दरअसल, 26 और 27 मार्च को रामनवमी के चलते कई राज्‍यों में बैंक का अवकाश है. इसके बाद 28 को महीने का चौथा शन‍िवार और 29 को रव‍िवार की छुट्टी के कारण बैंक बंद हैं. इसके बाद 30 मार्च को बैंक खुलेगा. लेक‍िन इसके अगले ही द‍िन महावीर जयंती पर बैंक बंद रहेंगे. यानी 26 से लेकर 31 तक 6 द‍िन में बैंक 5 द‍िन बंद रहेंगे.