Share Market Update: ग्‍लोबल मार्केट देख झूमा भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्‍स 1100 अंक चढ़ा; न‍िफ्टी में तेजी

Stock Market Update: अमेर‍िका और ईरान के बीच शांत‍ि समझौते को लेकर सहमत‍ि बनने की खबर आने के बाद जैसी उम्‍मीद की जा रही थी, वैसा ही हुआ. इंटरनेशनल मार्केट में जबरदस्‍त तेजी के बाद भारतीय शेयर बाजार में जबदस्‍त तेजी देखी जा रही है. कारोबारी सत्र की शुरुआत में ही सेंसेक्‍स 1100 अंक की उछाल के साथ 76,725 अंक पर खुला. इसी तरह न‍िफ्टी सूचकांक 300 अंक से ज्‍यादा चढ़कर 23970 अंक पर ट्रेंड करते देखा गया. इस दौरान बैंक न‍िफ्टी, न‍िफ्टी फाइनेंस, न‍िफ्टी 100 और निफ्टी म‍िडकैप सभी सूचकांक में तेजी द‍िखाई दी.

बाजार खुलने का न‍िवेशक क‍िस तरह इंतजार कर रहे थे, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है क‍ि प्री-ओपन‍िंग सेशन में सेंसेक्‍स 1700 अंक से ज्‍यादा चढ़ गया. इसी तरह न‍िफ्टी-50, 400 अंक से ज्‍यादा उछल गया. भारतीय शेयर बाजार के रुख का आइड‍िया देने वाला ग‍िफ्ट न‍िफ्टी (Gift Nifty) सोमवार सुबह से ही 400 अंक से ज्‍यादा चढ़कर कारोबार कर रहा था. इससे साफ हो गया था क‍ि आज बाजार में ट्रेड‍िंग करने को लेकर न‍िवेशकों के बीच जबरदस्‍त क्रेज है. इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्‍स 73,832 अंक पर और न‍िफ्टी 23,150 अंक के करीब बंद हुआ था.

शेयर बाजार में क्‍यों आई तेजी?
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की खबर के बाद बताया गया क‍ि क्रूड ऑयल की सप्लाई के ल‍िये ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को खोले जाने के ऐलान से दुनियाभर के बाजार में जश्‍न का माहौल है. महीनों का इंतजार करने के बाद डील का सीधा असर ग्‍लोबल मार्केट के अलावा भारतीय बाजार पर भी देखा जा रहा है. आपको बता दें भारत अपनी जरूरत का करीब 85 फीसदी क्रूड ऑयल आयात करता है. डील की खबर के बाद ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर और अमेरिकी क्रूड 81 डॉलर प्रति बैरल के लेवल पर आ गया.

भारत को होगा फायदा
क्रूड के दाम में गि‍रावट की खबर भारत को जबरदस्‍त फायदा देने वाली है. यह खबर इंड‍ियन इकोनॉमी के लि‍ए किसी वरदान से कम नहीं है. तेल की कीमत में आई तेज गिरावट से भारत का आयात बिल घटेगा, जिससे देश का व्यापार घाटा कम होगा और रुपये को मजबूती मिलेगी. जानकारों का मानना है कि क्रूड ऑयल में नरमी से देश में महंगाई दर पर लगाम लगेगी. इसका सीधा फायदा कॉर्पोरेट सेक्टर और शेयर बाजार को भी मिलेगा.

यूरोप‍ियन और एश‍ियाई बाजार का हाल
इससे पहले अमेर‍िकी और यूरोप‍ियन मार्केट के साथ ही एश‍ियाई बाजार में जबरदस्‍त तेजी देखी गई. यूएस मार्केट में डाउ जोन्‍स फ्यूचर 450 अंक से ज्‍यादा की तेजी के साथ 51,645 अंक पर कारोबार कर रहा है. S&P 500 और नैस्‍डैक में भी तेजी देखी जा रही है. यूरोप‍ियन मार्केट में भी FTSE, CAC और DAX हरे न‍िशान के साथ कारोबार कर रहा है. एश‍ियाई बाजार में सबसे ज्‍यादा तेजी जापान के न‍िक्‍कई सूचकांक में देखी जा रही है और यह सुबह 9 बजे 3600 अंक चढ़कर 69,610 अंक पर कारोबार कर रहा है. इसके अलावा कोर‍िया का कोस्‍पी इंडेक्‍स चढ़कर 8,586 अंक पर पहुंच गया.