सोनीपत। शहर के बस स्टैंड के सामने स्थित एक शराब ठेके से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और महंगी शराब चोरी करने के आरोप में पुलिस ने ठेके पर कार्यरत सेल्समैन समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 के रहने वाले जोगिंद्र ने थाना सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बस स्टैंड के सामने स्थित शराब ठेके का मालिक है। उसने करीब दो माह पहले उत्तर प्रदेश जिला मैनपुरी गांव गढ़ी घुआसीके रामू पुत्र अवधेश कुमार को सेल्समैन के रूप में नौकरी पर रखा था।
आरोप है कि 13 जून की रात रामू ने एक अन्य युवक को बुलाया, जो उत्तर प्रदेश नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में आया था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर ठेके से करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी और कई बोतल महंगी शराब चोरी कर ली।
चोरी हुई शराब में सिंगलटन, एमएम जामुन और आल सीजन सिरताज ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी घटना ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हुई है, जिसमें दोनों आरोपितों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपित रामू व एक अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।