रुपया डॉलर के मुकाबले फिर धड़ाम, 54 पैसे गिरकर सर्वकालिक निचले स्तर पर, जानिए क्या है कारण

नई दिल्ली : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के मार्च 2026 तक होने की खबरों के सामने आने के बाद गुरुवार को अंतर-दिवसीय कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 54 पैसे गिरकर सर्वकालिक निचले स्तर 90.48 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन की ओर से कथित तौर पर यह कहे जाने के बाद कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मार्च तक हस्ताक्षर होने की संभावना है, रुपया गिरकर 90.48 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया।

इसके अलावा, बाजार में व्याप्त जोखिम से बचने की भावना, आयातकों से अमेरिकी डॉलर की मजबूत मांग के कारण, निवेशकों की भावना को भी प्रभावित कर रही थी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.95 पर खुला, फिर कमजोर हुआ और रिकॉर्ड आंतरिक-दिन के निचले स्तर 90.48 पर आ गया। इसमें पिछले बंद भाव की तुलना में इसमें 54 पैसे की गिरावट आई। बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 89.87 पर स्थिर था।

जानकारों के अनुसार सीईए की ओर से मार्च तक व्यापार समझौते की संभावना जताए जाने के बाद रुपया गिरकर 90.4825 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया। साथ ही, मेक्सिको ने कहा कि वह भारत सहित एशियाई देशों से आने वाले सामानों पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाएगा। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “अमेरिका और जापान की दीर्घकालिक ब्याज दरें भी बढ़ी हैं और इससे रुपये को कोई मदद नहीं मिल रही है।”

इस बीच, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूटीआर) जैमीसन ग्रीर ने कहा है कि दोनों देशों के बीच यहां शुरू हुई दो दिवसीय वार्ता के बीच अमेरिका को प्रस्तावित व्यापार समझौते पर भारत से अब तक के ‘सर्वश्रेष्ठ’ प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को वाशिंगटन में सीनेट विनियोग उपसमिति की सुनवाई में बोलते हुए, ग्रीर ने कहा कि भारत में कुछ पंक्तिबद्ध फसलों और अन्य मांस उत्पादों के प्रति प्रतिरोध है। अमेरिका में पंक्तिबद्ध फसलों में मक्का, सोयाबीन, गेहूं और कपास शामिल हैं। ये टिप्पणियां महत्वपूर्ण हैं क्योंकि दोनों पक्ष प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच, डॉलर सूचकांक (छह मुद्राओं के बास्केट के मुकाबले डॉलर की मजबूती मापने वाला सूचकांक) फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती के बाद 0.17 प्रतिशत गिरकर 98.61 पर कारोबार करता दिखा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.17 प्रतिशत गिरकर 61.48 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 443.66 अंक बढ़कर 84,834.93 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 141.05 अंक बढ़कर 25,899.05 पर पहुंच गया था। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,651.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।