इंडिगो ने मुआवजे का किया एलान, इन यात्रियों को देगी 10-10 हजार

डिजिटल डेस्कः दिसंबर की शुरुआत में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को बड़ी ऑपरेशनल दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते लगातार उड़ानें रद होती रहीं। अचानक पैदा हुई इस स्थिति ने यात्रियों को भारी परेशानी में डाल दिया। कई एयरपोर्ट पर हजारों यात्री घंटों तक फंसे रहे, वहीं बैगेज कलेक्शन क्षेत्रों में सूटकेस के ढेर लग गए। अब जबकि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, इंडिगो ने 3, 4 और 5 दिसंबर को प्रभावित हुए यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है।

कौन से यात्रियों को मिलेगा 10,000 रुपये का मुआवजा?
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से जानकारी दी कि 3, 4 और 5 दिसंबर को यात्रा करने वाले कुछ यात्री जो कई घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे और भीड़भाड़ का गंभीर प्रभाव झेलना पड़ा ऐसे यात्रियों को इंडिगो 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर प्रदान करेगी। इन वाउचर्स का उपयोग यात्री अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो उड़ान की बुकिंग में कर सकेंगे।

सरकारी गाइडलाइंस के अलावा अतिरिक्त मुआवजा
इंडिगो ने स्पष्ट किया कि यह 10,000 रुपये का वाउचर सरकारी नियमों के तहत मिलने वाले मुआवजे के अतिरिक्त होगा। सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार यदि उड़ान प्रस्थान समय से 24 घंटे के भीतर रद्द हुई है तो ब्लॉक टाइम के आधार पर यात्रियों को 5,000 से 10,000 रुपये का मुआवजा दिया जाता है।

रिफंड पर क्या है अपडेट?
इंडिगो ने बताया कि सभी रद की गई फ्लाइट्स के रिफंड प्रोसेस शुरू कर दिए गए हैं। अधिकतर रिफंड यात्रियों के अकाउंट में पहुंच चुके हैं। शेष रिफंड भी जल्द ही जमा हो जाएंगे।

इससे जुड़े महत्वपूर्ण सवाल और जवाब
सवाल : क्या इंडिगो ने रद उड़ानों का रिफंड शुरू कर दिया है?
जवाब: हां। सभी रद हुई उड़ानों के रिफंड प्रोसेस शुरू हो चुके हैं। अधिकांश रिफंड क्रेडिट हो चुके हैं, बाकी भी जल्द मिल जाएंगे।
सवाल: अगर बुकिंग ट्रैवल एजेंट के जरिए की थी तो रिफंड कैसे मिलेगा?
जवाब: ट्रैवल एजेंट के माध्यम से की गई बुकिंग का रिफंड भी प्रोसेस किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर यात्री [[email protected]](mailto:[email protected]) पर ईमेल कर सकते हैं।
सवाल: 3, 4 और 5 दिसंबर को प्रभावित यात्रियों को क्या खास मुआवजा दिया जा रहा है?
जवाब: जो यात्री इन तिथियों में घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे और बुरी तरह प्रभावित हुए, उन्हें 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर दिए जाएंगे।
सवाल: ट्रैवल वाउचर का उपयोग कब तक किया जा सकता है?
जवाब: यह वाउचर अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो फ्लाइट की बुकिंग में लागू होंगे।
सवाल: क्या 10,000 रुपये का यह वाउचर सरकारी मुआवजे से अलग है?
जवाब: जी हां। यह राशि सरकारी मुआवजे के अतिरिक्त दी जाएगी। सरकारी नियमों के अनुसार, रद हुई उड़ानों पर यात्रियों को 5,000 से 10,000 रुपये तक मुआवजा मिलता है।