पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने क्या आपका भी बजट खराब कर दिया है? अगर हां, तो अकेले आप नहीं हैं! भारतीय कार मार्केट में इस समय एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां अब लोग माइलेज और बचत वाले ऑप्शन तलाश रहे हैं. इसी ट्रेंड को भुनाने के लिए देश की सबसे बड़ी कार बनाने वाली कंपनी Maruti Suzuki ने अब तक का सबसे बड़ा दांव खेल दिया है.
मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोग अब तेजी से CNG गाड़ियों की ओर शिफ्ट हो रहे हैं. छोटी कारों से शुरू हुआ यह क्रेज अब सीधे SUVs तक पहुंच चुका है. पहली तिमाही में हुई रिकॉर्ड तोड़ सेल के बाद मारुति सुजुकी ने अब फाइनेंसियल ईयर 2026-27 यानी FY27 तक 9 लाख CNG गाड़ियां बेचने का भारी-भरकम लक्ष्य तय किया है. आखिर क्यों अचानक इतनी बढ़ी है CNG की डिमांड और मारुति की इस नई रणनीति में ग्राहकों के लिए क्या खास है? आइए समझते हैं…
मारुति सुजुकी के मार्केटिंग एंड सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी के मुताबिक अप्रैल से जून यानी Q1 की तिमाही में कंपनी ने लगभग 2.2 लाख CNG व्हीकल्स बेचे हैं. यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 58 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी है. बनर्जी के मुताबिक मिडिल ईस्ट विवाद के कारण पेट्रोल -डीजल की बढ़ती कीमतों ने कस्टमर्स को कम रनिंग कॉस्ट वाले वाहनों की तरफ रुख करने पर मजबूर किया है.
पहले CNG का विकल्प केवल छोटी या एंट्री-लेवल हैचबैक कारों तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब ग्राहक SUV और यूटिलिटी वाहनों में भी CNG को प्राथमिकता दे रहे हैं. कंपनी की Victoris SUV की कुल सेल में से 50% से ज्यादा की हिस्सेदारी अंडरबॉडी CNG वेरिएंट की है.
Brezza S-CNG में नई टेक्नोलॉजी
मारुति ने अपनी कॉम्पैक्ट SUV Brezza में भी अंडरबॉडी CNG टेक्नोलॉजी दी है. नई Brezza S-CNG में आइडल स्टार्ट-स्टॉप तकनीक और 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है. कंपनी का दावा है कि यह 26.9 किमी/किलोग्राम का माइलेज देती है.
कंपनी के पोर्टफोलियो में 15 CNG मॉडल
फिलहाल मारुति सुजुकी भारतीय मार्केट में लाइट कमर्शियल वाहनों सहित कुल 15 CNG मॉडल बेच रही है. बीते महीने कंपनी की कुल गाड़ियों की सेल में CNG कारों की हिस्सेदारी 42 फीसदी रही, जो यह साफ दिखाता है कि मारुति के लिए CNG अब एक प्रमुख ग्रोथ ड्राइवर बन चुका है.