छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का आदेश जारी हो गया है. वित्त विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद राज्य में 4708 पदों पर स्कूल शिक्षा विभाग के तहत शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, सीएम विष्णुदेव साय ने खुद इसका ऐलान किया है. बता दें कि छत्तीसगढ़ में लंबे समय से शिक्षक भर्ती की चर्चा चल रही थी, लेकिन वित्त विभाग से अब तक हरी झंडी नहीं मिली थी, लेकिन जैसे ही वित्त विभाग ने इसकी अनुमति दी तो सरकार ने शिक्षक भर्ती का आदेश जारी कर दिया है. शिक्षकों की यह भर्ती तीन श्रेणियों में की जानी है.
छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती तीन वर्गों में होगी, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक, तीनों श्रेणियों के पद शामिल रहेंगे. भर्ती के लिए ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसकी परीक्षा प्रक्रिया शुरू की जाएगी. बता दें कि सीएम विष्णुदेव साय ने कुछ महीने पहले सुशासन तिहार के दौरान धमतरी में शिक्षकों की नई भर्ती की घोषणा की थी, उसी घोषणा को अब अमल में लाया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य आने वाले कुछ सालों में कुल 30 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसका पहला चरण शुरू हो चुका है.
भर्ती परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यापम को सौंपी गई है, व्यापम जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम और ऑनलाइन आवेदन की तारीखों की घोषणा करेगा. अधिकारियों का कहना है कि इस बार पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और व्यवहारिक बनाया जाएगा, पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए चयन मापदंडों में आवश्यक सुधार किए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का कानूनी विवाद न हो.
तीन साल बाद होगी भर्तियां
छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्तियां तीन साल बाद हो रही हैं. पिछली सरकार के कार्यकाल में 14 हजार पदों की घोषणा हुई थी, जिनमें से लगभग 10 हजार शिक्षकों की ही नियुक्ति हो सकी थी. अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. वहीं लंबे समय से शिक्षक भर्ती की तैयारियां कर रहे छात्रों के लिए भी यह अच्छी खबर मानी जा रही है.