छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, रायपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर: Chhattisgarh Weather Today: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. अगले दो दिनों में प्रदेशभर में मेघगर्जन की गतिविधियां बढ़ेंगी और कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. वहीं राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.

पिछले 24 घंटे का हाल
प्रदेश के सभी संभागों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभागों के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा भी हुई. पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0°C और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 19.8°C दर्ज किया गया.

बारिश के प्रमुख आंकड़े

मैनपुर में सर्वाधिक 9 सेमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा अंबिकापुर और भिलाई में 7-7 सेमी, देवभोग में 5 सेमी, कुकदूर और मनोरा में 4-4 सेमी, जबकि रायपुर में 3 सेमी बारिश हुई. कई अन्य जिलों में भी 1 से 3 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई.

सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति
मानसून द्रोणिका कच्छ से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम मध्य खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ गई है.

कल कैसा रहेगा मौसम
10 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है.

अगले दो दिनों का दृष्टिकोण
दो दिनों बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है.

रायपुर शहर का पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 09 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघाच्छादित रहेगा. गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने की संभावना है.