छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह तक मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून का प्रभाव लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि दिनभर आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहने के आसार हैं।

बीते कुछ दिनों से प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि भारी बारिश का मौजूदा दौर धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है और अगले कुछ दिनों तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश ही देखने को मिलेगी। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश में एक बार फिर अच्छी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। वहीं बस्तर संभाग सहित उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।