छत्तीसगढ़ में प्रेमिका को रंग लगाने के संदेह में दो की हत्या, नाबालिग सहित 4 आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में प्रेमिका को रंग-गुलाल लगाने के संदेह में एक विवाद ने नाबालिग सहित दो युवकों की जान ले ली। यह घटना रंगपंचमी से पूर्व पारंपरिक मेले के दौरान हुई, जो बस्तर सांसद महेश कश्यप के कलचा गांव में आयोजित किया गया था।

शनिवार को रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर आयोजित मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग आए थे। इस दौरान गांव की एक युवती को रंग लगाने के संदेह में स्थानीय युवकों का दो बाहरी युवकों के साथ विवाद हो गया।

बताया गया कि युवती और गांव के एक युवक के बीच प्रेम-प्रसंग था। युवती को रंग लगाने की बात सुनकर युवक भड़क गया और अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दोनों बाहरी युवकों पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।