शीतलहर से कांपती दिल्ली, कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, अगले 5 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी

Delhi shivering due to cold wave, fog stopped the speed of trains, yellow alert issued for next 5 days
Delhi shivering due to cold wave, fog stopped the speed of trains, yellow alert issued for next 5 days
इस खबर को शेयर करें

Cold Wave in Delhi: उत्‍तर भारत सहित अब देश के कई राज्‍यों में कड़ाके की सर्दी पड़ने वाली है। राजधानी दिल्‍ली में शीतलहर चल रही है और मध्‍य भारत में भी यही स्थिति बनी हुई है। ताजा अनुमान के अनुसार अभी यहां सर्दी का असर कायम रहेगा। दिन का तापमान स्थिर रहने के बावजूद शाम के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शाम के बाद चलने वाली शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इससे कोहरा भी बढ़ रहा है। उत्तर पश्चिम से चलने वाली बर्फीली हवा के कारण दिल्ली में मंगलवार को भी सुबह में ठंड से कंपकंपी रही और कई इलाकों में घना कोहरा भी रहा। आया नगर व रिज एरिया में शीत लहर की स्थिति बनी रही। इस वजह से आया नगर में न्यूनतम तापमान दिल्ली में सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दिल्ली के औसत तापमान में पिछले दिन के मुकाबले थोडी बढ़ोतरी हुई और दो दिन बाद दोपहर में अच्छी धूप निकलने से ठंड से थोड़ी राहत रही। इसके बाद शाम से फिर ठंडी हवा चलने से ठिठुरन महसूस की गई।

अगले पांच दिन के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सुबह मध्यम स्तर से लेकर घना कोहरा रहेगा। हालांकि तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। मंगलवार को आकाश साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा रहेगा।

यह है नए साल का पूर्वानुमान

पहली जनवरी से ठंड दोबारा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है।

कोहरे के कारण 15 ट्रेनें दो से चार घंटे की देरी से

रेलवे के अनुसार कोहरे के कारण 15 ट्रेनें दो से चार घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा दिल्ली अलिपुर द्वार महानंदा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से तीन घंटे की देरी से और नई दिल्ली झांसी एक्सप्रेस करीब पौने दो घंटे की देरी से खुलीं। हालांकि कई ट्रेनें आठ से नौ घंटे की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।मौसम विभाग के अनुसार कोहरे के कारण मंगलवार को सुबह साढ़े पांच बजे पालम एयरपोर्ट और सफदरजंग के पास दृश्यता 50 मीटर रही।