राजपाल यादव फिर जाएंगे जेल, हाईकोर्ट ने एक्टर को दिया तगड़ा झटका

चेक बाउंस केस में जाने माने एक्टर राजपाल यादव को बड़ा झटका लगा है. राजपाल यादव पर एक बार फिर जेल जाएंगे. दिल्ली हाईकोर्ट ने यह आदेश जारी कर दिया है. कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मामले के दौरान उनका आचरण संतोषजनक नहीं पाया गया और इसे संदिग्ध माना गया. हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपी का व्यवहार और मामले में अपनाया गया रवैया भरोसे के योग्य नहीं रहा.

यह मामला चेक बाउंस से जुड़ा हुआ है, जिसमें राजपाल यादव की दोषसिद्धि को चुनौती दी गई थी. दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है.

क्या है राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला?
राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है. साल 2010 में इस फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिसके बाद वह तय समय पर कर्ज नहीं चुका सके. भुगतान के लिए जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद उनके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम , धारा 138 के तहत सात अलग-अलग मामले दर्ज किए गए.

साल 2018 में ट्रायल कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को इन मामलों में 6 महीने की सजा सुनाई, जिसे बाद में सेशन कोर्ट ने भी बरकरार रखा. दिल्ली हाई कोर्ट ने बाद में सजा पर अंतरिम रोक लगाई और बकाया राशि चुकाने के लिए कई मौके दिए. लेकिन, अदालत के मुताबिक बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद भुगतान पूरा नहीं हुआ. इसी वजह से हाई कोर्ट ने उनकी अंतरिम राहत वापस लेते हुए उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया.

2 फरवरी को कोर्ट ने सरेंडर करने का दिया था आदेश
जून 2024 में हाई कोर्ट ने राजपाल यादव की सजा पर अस्थायी रोक लगा दी थी और उन्हें करीब 9 करोड़ रुपये का बकाया चुकाने के लिए ईमानदारी से प्रयास करने का निर्देश दिया था. लेकिन अदालत के मुताबिक, कई मौके मिलने के बावजूद वह भुगतान का अपना वादा पूरा नहीं कर सके. इसके बाद 2 फरवरी को कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया. सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में भावुक होकर कहा, ‘सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं. मुझे कोई और रास्ता नहीं दिख रहा.’ इसके बाद उन्होंने सरेंडर किया और उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया गया.

16 फरवरी 2026 को मिली थी जमानत
इस मुश्किल दौर में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार उनके समर्थन में सामने आए. सोनू सूद, अजय देवगन, सलमान खान और गुरमीत चौधरी समेत कई सितारों ने आर्थिक मदद की. वहीं, कुछ गायकों और फिल्म निर्माताओं ने उन्हें एडवांस भुगतान दिया और अपनी आने वाली फिल्मों में काम भी ऑफर किया. बाद में 16 फरवरी को इस मामले में उन्हें जमानत मिल गई.