ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में बड़ी इनामी राशि मिलने का झांसा देकर 62 वर्षीय बुजुर्ग से 8.54 लाख रुपये ठग लिए गए. ठगों ने खुद को KBC कार्यालय का प्रतिनिधि बताकर व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क किया और अलग-अलग बहानों से कई बार पैसे जमा करवाए. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
22 बार में ठगे गए 8.54 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, ऊना के नंगल सलांगड़ी निवासी विजय कुमार ने शिकायत में बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें फोन कर कहा कि उनके नाम KBC की बड़ी इनामी राशि निकली है. इसके बाद आरोपियों ने टैक्स, सत्यापन शुल्क, प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन और अकाउंट एक्टिवेशन जैसे अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे कई किस्तों में पैसे जमा करवाए.पीड़ित ने ठगों के झांसे में आकर 16 बार उनके बैंक खातों में नकद राशि जमा की और 6 बार यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन के जरिए 67,201 रुपये भेज दिए. इस तरह कुल 22 लेन-देन के माध्यम से पीड़ित से 8,54,201 रुपये की ठगी कर ली गई.
इनाम नहीं मिला तो हुआ ठगी का एहसास
पीड़ित ने बताया कि पूरी रकम भेजने के बाद भी न तो कोई इनामी राशि मिली और न ही आरोपियों ने फोन या मैसेज का जवाब दिया. काफी इंतजार के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है. इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना सदर ऊना में शिकायत दर्ज करवाई.
भारतीय और पाकिस्तानी नंबरों से किया गया संपर्क
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने भारतीय और पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर पीड़ित से संपर्क किया था. पुलिस संबंधित बैंक खातों, यूपीआई आईडी और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके.
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि KBC, लॉटरी या किसी भी इनामी योजना के नाम पर आने वाले अज्ञात कॉल, व्हाट्सएप मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें. किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में पैसे जमा न करें. यदि इस तरह का कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज मिले तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें. साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है.