उत्तराखंड में अगले 24 घंटे मौसम बेहद खराब रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इस दौरान तेज़ से अत्यंत तेज बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।सतर्कता बरतने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक जलभराव, छोटे नालों और बरसाती गधेरों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन तथा सड़कें बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शासन ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने, आपदा प्रबंधन दलों को तैयार रखने और लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।