Jimmy Shergill Father Died: बॉलीवुड से एक और बुरी खबर है. कई बेहतरीन फिल्मों में काम कर चुके एक्टर जिमी शेरगिल के पिता का निधन हो गया है. जिमी के पिता सत्यजीत सिंह शेरगिल 90 साल के थे. इनके निधन के बाद भोग और अरदास 14 अक्टूबर को रखी गई है. एक्टर के पिता के मौत की खबर से बॉलीवुड में मातम पसर गया है.
14 अक्टूबर को भोग और अरदास
जानकारी के मुताबिक 14 अक्टूबर को भोग और अरदास शाम साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक गुरुद्वारा धान पोथोहर नगर, सांताक्रूज वेस्ट मुंबई में है.बहुत ही कम लोग जानते हैं कि जिमी का असली नाम जसजीत सिंह गिल है. जिन्हें अब लोग जिमी के नाम से जानते हैं. ये गोरखपुर डिस्ट्रिक के सरदारनगर के पास स्थित देओकहिया गांव के रहने वाले हैं.
जिमी और उनके पिता का किस्सा
एक पुराने इंटरव्यू में जिमी ने अपने पिता के साथ जुड़ा किस्सा शेयर किया था. एक्टर ने बताया था कि वो अपने बाल कटवाना चाहते थे. जिसकी वजह से उनके और पिता के बीच काफी बहस हुई थी. इस फैसले की वजह से एक्टर के पिता उनसे इतने ज्यादा नाराज थे कि करीबन डेढ़ साल तक बात नहीं की थी.
परिवार ने नहीं की थी बात
बाल कटवाने वाली बात को जिमी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में एक्सप्लेन किया था. एक्टर ने कहा था- ‘मैंने 18 साल तक पगड़ी पहनी थी. लेकिन, हॉस्टल में पगड़ी पहनना और बालों को मैनेज करने में दिक्कत होती थी. इसके अलावा भी कई और चीजें थीं. एक दिन मैंने अपने पिता से कहा कि मैं बाल कटवा रहा हूं. ना केवल पिता जी बल्कि पूरे परिवार ने लंबे वक्त तक मुझसे अच्छे से बात नहीं की थी. सिर्फ मामा बात करते थे. क्योंकि उन्होंने भी यही किया था.’ वर्कफ्रंट की बात करें तो जिमी आखिरी बार पंजाबी फिल्म ‘मां जाए’ में नजर आए थे. ये 29 अगस्त 2025 को आई थी. इसके अलावा वेब सीरीज ‘रणनीति’ में दिखाई दिए थे.