झंडा फहरा गहलोत बोले: एक लाख युवाओं को दी नौकरी, अभी 80000 निकलेगी और वैकेंसी

इस खबर को शेयर करें

जयपुर। राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह में आज एसएमएस स्टेडियम के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रातः 9ः05 बजे झण्डारोहण किया। गहलोत ने इसके बाद परेड का निरीक्षण कर कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस मौके पर लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतिकरण भी किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने अमर जवान ज्योति स्थल पर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें याद किया। गहलोत ने अपने सरकारी निवास पर भी झंडारोहण कर परेड की सलामी ली।

इस मौके पर सीएम गहलोत ने कहा कि आज सुनहरा दिन है। महात्मा गांधी, नेहरू, अबुल कलाम सहित कई नेताओं ने देश को आजादी दिलाई। आज 75 वां स्वाधीनता दिवस समारोह मनाया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि आज प्रदेश विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आज वो राजस्थान नहीं हैं। जो पहले हुआ करता था। बिजली उत्पादन तेजी से हो रहा हैं। सड़कों का जाल बिछ रहा है। एजूकेशन संस्थाओं आ रही हैं। केन्द्र सरकार से मांग कर रहे हैं कि राजस्थान में पूर्वी राजस्थान की पेयजल योजना के लिए लगातार केन्द्र सरकार से मांग कर रहे है। कोरोना काल में बहुत अच्छा काम हुआ। राजस्थान की जनता ने दिखा दिया कि वो इससे लड़ेगा। किसी को भूखा नहीं सोने दिया। राज्य सरकार को सभी ने सहयोग किया। यहीं वजह रही कि देश में कोरोना प्रबंधन में हम सबसे आगे रहे। पहली लहर तो निकल गई लेकिन दूसरी लहर में परेशानी हुई। हमारी रिकवरी रेट बहुत अच्छी रही। अब तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। अभी कोई कुछ नहीं कह सकते। हमने स्कूल खोलने का फैसला किया। गहलोत ने कहा कि सभी लोग वैक्सीन लगवाएं और सुरक्षित रहें। गहलोत ने कहा कि दो अक्टूबर से प्रशासन शहरों के संग अभियान शुरु कर रहे है। एक लाख लोगों को नौकरी दी है। 80 हजार भर्तियों की प्रक्रिया चल रही है। खिलाड़ियों को नौकरियां दी है। प्रतिभाशाली नौजवानों की प्रतिभाओं को तराशने का काम करेंगे

गहलोत ने कहा है कि यह दिन हमें उन स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है, जिन्होंने स्वाधीनता संग्राम में अपना सब कुछ न्यौछावर कर देश को आजादी दिलाई। उन्हीं के त्याग और संघर्ष का परिणाम है कि आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। हम सब उनके बलिदान के प्रति नतमस्तक हैं।

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि वर्तमान परिस्थितियों में लोकतंत्र एवं संवैधानिक मूल्यों के समक्ष मौजूद चुनौतियों का दृढ़ता से मुकाबला करें और इन्हें नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट रहें। उन्होंने आह्वान किया कि इस पुनीत अवसर पर हम सभी को निष्ठा एवं समर्पण की भावना के साथ देश हित में अग्रसर होने का संकल्प लेना चाहिए। यह स्वाधीनता संग्राम के सेनानियोें के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राज्य सरकार की ओर से स्वाधीनता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 34 शख्सियतों को राज्यस्तरीय योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कोविड-19 को देखते हुए सभी प्रशस्ति पत्र प्रभारी मंत्रियों ने अपने अपने जिले में दिए। इसी प्रकार 62 पदक भी प्रदान किए गए। इनमें पुलिस विभाग में 6 राष्ट्रपति पुलिस पदक, 48 पुलिस पदक और गृह रक्षा विभाग में 5 राष्ट्रपति गृह रक्षा सराहनीय सेवा पदक तथा नागरिक सुरक्षा विभाग में 3 राष्ट्रपति सुरक्षा वीरता सराहनीय सेवा पदक दिए गए।