कैथल. सोशल मीडिया पर कई चौंकाने वाले वीडियो वायरल होते रहे हैं. ये सच है या फर्जी, सभी के लिए उन्हें पहचानना मुश्किल होता है. ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे हरियाणा के कैथल का बताया जा रहा है. इसमें कहा जा रहा है कि एक 9 साल की बच्ची मां बन गई है. उसे गर्भवती करने वाले कोई और नहीं, बल्कि उसका सगा भाई है. हरियाणा के कैथल से वायरल हो रही ये खबर फर्जी निकली है. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर नौ साल की बच्ची का एक बच्चे को जन्म देने की न्यूज खूब वायरल हो रही है. इसमें एक महिला पुलिस अधिकारी गीता रानी हैं, जो इस वक्त कैथल के सिटी थाना की प्रभारी हैं.
पुरानी स्पीच
वायरल न्यूज में थाना प्रभारी की एक स्पीच भी है, जिसमें वो कह रही हैं कि मेरे सामने एक मामला आया था. इसमें नौ साल की बच्ची को उसके 11 साल के भाई ने प्रेगनेंट कर दिया. उसके बाद बच्ची ने एक बच्चे को भी जन्म दिया. उस वीडियो में साथ में एक नौ साल की बच्ची नवजात शिशु के साथ दिखाई दे रही है. असल में इस घटना में किसी प्रकार की कोई सच्चाई नहीं है. सिटी थाना SHO गीता की स्पीच लगभग एक साल से ज्यादा पुरानी है जो उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर किसी सेमिनार में दी थी, उसको इस्तेमाल करके और एक बच्ची और नवजात शिशु का वीडियो साथ में लगाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है.
क्या बोली पुलिस
इस मामले पर कैथल पुलिस की तरफ से DSP ललित कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा है कि कैथल में इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है. हमने कैथल के सभी थानों से इस चीज की जांच करवा ली है. कैथल पुलिस में इस तरह का कोई मामला नहीं है. खबर पूरी तरह से फेक है.