तेज धमाके से खुला गेट, खिड़कियों के चटखे शीशे और कांप उठी जमीन… फरीदाबाद अग्निकांड की डरावनी कहानी

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद के लिए कल का दिन बड़ा ही डरावना रहा. यहां के सेक्टर-24 मुजेसर स्थित अस्थाई औद्योगिक क्षेत्र की एक वर्कशॉप में अचानक आग लग गई और लगातार 20 मिनट तक धमाके हुए. इस घटना से पूरा इलाका दहल उठा. धमाकों के साथ उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा. इस दौरान आसपास की वर्कशॉप और फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूर व कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे, जबकि पास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग भी घबराकर घरों से बाहर निकल आए. सबको लगा जैसे की मानो भूकंप आ गया हो.

यह है मामला
बताया जा रहा है कि मुजेसर की मैसर्स कालका ऑयल कटर वर्कशॉप में सीएनसी मशीन से स्टील और एल्युमिनियम काटने का काम होता है. सोमवार शाम करीब 4 बजे एक क्रेन में वेल्डिंग की जा रही थी, जिससे निकली चिंगारी से आग लग गई. इसे बुझा लिया गया था, लेकिन एक चिंगारी पास की दुकानों के बाहर रखे तेल और केमिकल के ड्रमों पर जा गिरी. इजिससे ड्रमों ने आग पकड़ ली और उनमें धमाके होने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. दमकल की 27 गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. हालांकि आग की चपेट में आने से 20 से अधिक वाहन जल गए.
देहरादून से मसूरी जाना होगा आसान, 3500 करोड़ की लागत से बनेंगे दो लेन हाईवे, जाम से मिलेगी छुट्टी

42 लोग हुए घायल
भीषण आग और हुए ब्लास्ट ने जमकर तबाही मचाई. इसके चलते 3 पुलिसकर्मी और 2 दमकल कर्मी आग की चपेट में आए हैं. इन घायलों के समेत आसपास से गुजरने वाले लगभग चार दर्जन लोग आग की चपेट में आए हैं. लगभग 12 लोग सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि लगभग 30 लोग फॉर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती करवाए गए हैं. फायर कर्मी ने बताया कि उन्हें लगभग साढ़े चार बजे आग लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचे बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि अभी वह तमाम जानकारियां ले रहे हैं और यह बड़ा ही दुखद हादसा हुआ है. घायलों को प्राइवेट और सरकारी अस्पताल भेजा गया है. जांच करने के बाद कार्रवाई की दाएगी. इस कंपनी के बाहर केमिकल के 30 ड्रम भी रखे हुए थे. वो भी तबाह हो गए.

क्या बोले लोग?
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल के पास एक वर्कशॉप में काम करने वाले प्रत्यक्षदर्शी कमल मोहन, राकेश और दीपक गुप्ता ने बताया कि उनकी वर्कशॉप में स्प्रिंग बनाने का काम होता है. शाम करीब चार बजे वह अपनी वर्कशॉप में काम कर रहे थे, तभी तेज धमाका हुआ, धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें लगा मानो जैसे भूकंप आ गया हो. मुख्य द्वार पर लगा गेट जोरदार आवाज से खुल गया, लगा किसी ने टक्कर मारी है. इस दौरान करीब एक किलोमीटर तक जमीन तक हिलती महसूस हुई और कुछ स्थानों पर खिड़कियों के शीशे भी कंपन से चटख गए. वहीं आसपास काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने बताया कि पहले एक जोरदार धमाका हुआ, फिर कुछ मिनटों के अंतराल पर कई विस्फोट होते रहे. धमाकों के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.

मजदूर, दुकानदार और स्थानीय लोग सभी अपने को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. घटना की सूचना मिलते ही मुजेसर थाना और आसपास की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने से रोक दिया.