नारनौल। नारनौल में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र में स्थित कोरियावास मेडिकल कॉलेज तक पहुंच अब और आसान होगी। हरियाणा सरकार के लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) विभाग ने नारनौल-रामबास रोड से कोरियावास मेडिकल कॉलेज तक 4 किलोमीटर लंबी फोर-लेन सड़क के निर्माण के लिए 33.55 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी जारी कर दी है।
प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी
नारनौल-रामबास रोड (किमी 0.00 से 4.00) से मेडिकल कॉलेज कोरियावास तक फोर-लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत स्वीकृत की गई है और इसके लिए लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर) ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि कोरियावास मेडिकल कॉलेज क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना है और इस सड़क के निर्माण से मरीजों, मेडिकल छात्रों, चिकित्सकों तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं का लाभ
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है, ताकि लोगों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही मिल सके।
उन्होंने कहा कि फोर-लेन सड़क बनने से मेडिकल कॉलेज की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यातायात सुगम होगा और पूरे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। यह परियोजना नांगल चौधरी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।