गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर भाई ने उसके बॉयफ्रेंड की गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी ने युवक को पहले खूब शराब पिलाई. नशे में होने के बाद इलेक्ट्रिक वायर से उसका गला दबा दिया. हत्या के बाद शव को गंदे नाले में फेंक दिया. पुलिस ने गहनता से जांच करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई है.
दोस्त ने की हत्या: पीआरओ संदीप के मुताबिक, “मृतक की पहचान सुहेब (27) निवासी गांव चुचैला कलां, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के दोस्त ने ही उसकी हत्या की. दोनों एक ही गांव के निवासी थे. आरोपी को जब पता चला कि उसके दोस्त का प्रेम प्रसंग उसकी बहन के साथ है, तो अपने दोस्त की हत्या की साजिश रची”.
हत्या की मुख्य वजह: PRO ने बताया कि ” पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरुग्राम के जय विहार निवासी आरोपी जिशान कॉलोनी में ही सैलून का काम करता था. पुलिस ने बताया कि गांव के ही रहने वाले सुहेब का आरोपी की बहन से करीब 2 साल पहले से अफेयर चल रहा था. आरोपी जिशान को जब इस बारे पता चला तो उसने 23 जनवरी को सुहेब को गांव में काम दिलाने के बहाने बुला लिया”.
पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दी: “सुहेब के परिजनों ने बताया कि इसके बाद बेटे से उनका कोई संपर्क नहीं हुआ. तब जिशान को फोन कर सुहेब के बारे में पूछा. जिशान ने बताया कि सुहेब दिल्ली के मुस्तफाबाद में काम के लिए गया था. लेकिन अभी तक वह वापस नहीं लौट. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को सूचित किया”.
रंजिश में हत्या की वारदात: PRO संदीप ने बताया कि “पुलिस ने संदेह के आधार पर जिशान से गहनता से पूछताछ की, जिसमें जिशान ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि सुहेब का उसकी बहन के साथ प्रेम-प्रसंग था. जिससे वह काफी नाराज था. इसी रंजिश में उसने सुहेब की हत्या कर दी. बाद में शव को कंबल में लपेटकर प्रकाशपुरी चौक के गंदे नाले में फेंक दिया. आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है. मामले की जांच जारी है”.