सिरसा। युवा जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला युवा प्रदेशव्यापी जन जन अभियान के तहत सोमवार को सिरसा हलके के गांव बाजेकां, फूलकां, नेजिया, धिंगतानिया, रामनगरिया के अलावा कालांवाली हलके के विभिन्न गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों से संपर्क साधा।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की गलत नीतियों का ही प्रभाव है कि आज अफसरशाही हावी है, सरकार के लोगों की भी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि दिनोंदिन बढ़ रहे पेट्रो पदार्थों के दामों की वजह से आज पूरे देश में भाजपा के प्रति आक्रोश की भावना है क्योंकि केंद्र व राज्य सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं कर पा रही।
उन्होंने कहा कि महंगाई की स्थिति ये है कि किसान महंगी खाद, बीज और दवाओं की मार झेल रहा है, ऐसे में अब पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों ने आमजन की परेशानी और बढ़ा दी है। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि आज देश के बैंकों में करंसी उपलब्ध नहीं है जो सरकार की विफलता उजागर करती है।
प्रदेश की स्थिति इतनी गंभीर है कि हरियाणा के युवाओं की बजाए बाहरी राज्यों के युवाओं को हरियाणा में नौकरी दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से भाजपा के इस अनाचार का मुकाबला केवल जजपा ही करेगी।