चरखी दादरी। जिले के गांव सांकरोड में एक शादी कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक युवक पर लाठी व कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। उसे भिवानी सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया है। घायल ने पुलिस को शिकायत देकर उस पर हमला करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बौंद कलां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डंडों और कुल्हाड़ी से मारा
पुलिस को दी शिकायत में गांव सांकरोड निवासी कुलदीप ने बताया कि उसके चचेरे भाई की शादी का प्रोग्राम था। उस प्रोग्राम में वह परिवार सहित गया हुआ था। रात करीब साढ़े नौ बजे वहां पर झगड़ा हो रहा था। उस दौरान वह बीच बचाव करने गया तो एक युवक ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से चोट मारी। एक युवक ने उसे डंडे मारे। जब वह अपना बचाव कर वहां से भागने लगा तो एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने लात-घूसे मारे।
कई लोग हुए चोटिल
उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को आता देखकर उक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। उसके बाद स्वजन उसे लेकर भिवानी सिविल अस्पताल पहुंचे। लेकिन चोटें अधिक होने के कारण उसे भिवानी से रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसकी शिकायत पर तीन नामजद व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।