करनाल: हरियाणा के करनाल में सीआईए-1 और बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुए आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी कुछ दिन पहले ही 8 अवैध हथियार और 30 जिंदा कारतूस के साथ पकड़े गए गिरोह का फरार सदस्य है।
29 जून की शाम करनाल पुलिस की सीआईए-1 टीम ने 5 आरोपियों को 8 देसी हथियार और 30 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। उस दौरान गिरोह का एक सदस्य परमीत, निवासी शहर मालपुर, जिला पानीपत, मौके से फरार हो गया था। उसके बाकी चार साथी फिलहाल तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप को सूचना मिली कि परमीत तरावड़ी के पास ईडन कॉलोनी क्षेत्र में पल्सर बाइक पर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी और पुलिस पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान सीआईए-1 के एएसआई राजीव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी परमीत की जांघ में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले करनाल के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, परमीत के खिलाफ रंगदारी मांगने, हत्या के प्रयास और पुलिस मुठभेड़ सहित करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह हरियाणा के कलानौर और पंजाब के फिरोजपुर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।