चंडीगढ़। महिला कोच से छेड़छाड़ मामले में हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री व भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को झटका लगा है। मामले को सीजेएम कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है और 19 फरवरी को सुनवाई होगी।
जूनियर महिला कोच ने मामले को ट्रांसफर करने को लेकर याचिका दाखिल की थी, जिसे चंडीगढ़ जिला एवं सत्र न्यायाधीश एचएस ग्रेवाल की अदालत ने स्वीकार कर लिया है। कोच का आरोप था कि न्यायाधीश उसके प्रति पक्षपाती थे।
अपनी याचिका में कोच ने कहा था कि जज ने उसे केस की फाइल देखने नहीं दी। उसे सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दिए गए अपने बयान की कॉपी या जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में कोच ने मामला किसी अन्य न्यायाधीश को ट्रांसफर करने की याचिका दायर की थी। उन्होंने यह भी बताया था कि जो जज खुद गवाह की सूची में हैं वे ही केस की सुनवाई कर रहे थे। ऐसे में न्याय की उम्मीद नहीं है।