हरियाणा पुलिस की मधुबन में अहम बैठक, अपराध नियंत्रण और नए साल की चुनौतियों पर मंथन

चंडीगढ़। नए साल की चुनौतियों से निपटने के लिए आज रविवार को हरियाणा के सभी शीर्ष पुलिस अधिकारी करनाल के मधुबन में जुटेंगे। अपराध नियंत्रण रणनीति, नीतिगत प्राथमिकताओं और संचार दृष्टिकोण को अंतिम रूप देने के लिए हरियाणा पुलिस अकादमी में होने वाली इस बैठक में पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के साथ ही सभी एडीजीपी, आइजी-डीआइजी, पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त तथा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे।

बैठक में वर्ष 2025 के दौरान प्राप्त अनुभवों, चुनौतियों और उपलब्धियों की व्यापक समीक्षा करते हुए 2026 के लिए अपराध नियंत्रण, खुफिया तंत्र और जनसंपर्क रणनीति का रोडमैप तैयार किया जाएगा। उभरती आपराधिक प्रवृत्तियों, फील्ड स्तर के अनुभवों और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के आधार पर व्यावहारिक एवं नवोन्मेषी रणनीतियों पर विचार किया जाएगा।

चर्चा का केंद्र संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर अपराध तथा प्रभावी जनसंवाद रहेगा ताकि पुलिसिंग को और अधिक प्रो-एक्टिव, इंटेलिजेंस आधारित और नागरिक-केंद्रित बनाया जा सके।

बैठक में हाल के समय में सामने आए फिरौती काल और आनर किलिंग जैसे मामलों पर विशेष मंथन होगा। विशेषकर उन मामलों में, जिनका संचालन जेलों या विदेश से इंटरनेट मीडिया व डिजिटल माध्यमों के जरिए किया जा रहा है।