बिहार में हैवानियत की हद: गोली मारी, आरी से बॉडी के 3 टुकड़े किए, सिर-पैर काटकर फेंक दिया

भागलपुर : बिहार के भागलपुर में तीन दिन से लापता बुनकर अभिषेक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका सिर और पैर काटकर शव को नदी में फेंक दिया गया। शुक्रवार की देर शाम राघोपुर पंचायत की शाहपुर पुलिया के पास से उसका शव बरामद किया गया। हत्यारों ने आरी से उसके शरीर के तीन टुकड़े कर दिया। मृतक का बोरी में बंद शव बरामद किया गया।

पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें राधे और ऋतिक शामिल हैं। दोनों मिर्जापुर के रहने वाले हैं। अभिषेक मूल रूप से कहलगांव का रहने वाला था। नाथनगर में वह चंपानगर के मसकन बरारी में अपने मामा के घर रहता था। 23 दिसंबर को वह लापता हुआ था। अगले ही दिन परिजनों ने नाथनगर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना पर सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार और नाथनगर थानेदार मौके पर पहुंचे।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि युवक को पहले जांघ में गोली मारी फिर हेक्सा ब्लेड से शरीर के तीन टुकड़े कर फेंक दिए। सिटी डीएसपी-2 ने कहा कि तीन दिन से लापता युवक का शव मिला है। उसका शरीर तीन टुकड़ों में बंटा हुआ था। सिर और पैर को ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

पिछले साल हुई थी शादी
मृतक के मामा संतोष दास ने बताया कि भांजे की शादी पिछले वर्ष 2024 में हुई थी। उसे एक साल का बेटा था। पति की हत्या के बाद मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। कहलगांव मकसपुर से मृतक अभिषेक का परिवार भागलपुर पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ तीन-चार वर्षों से वह मेरे पास मसकन बरारीपुर चंपानगर में रहकर बुनकर वाले काम में हाथ बंटाता था।

मौत के पीछे मोबाइल
पुलिस की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी राधे और ऋतिक अभिषेक के लिए ही काम करता था। राधे को मोबाइल की जरूरत थी। आग्रह करने पर अभिषेक ने किस्त पर उसे मोबाइल खरीदवा दिया। उसे समय पर किस्त भरने को कहा गया। राधे ने मोबाइल का किस्त भरना बंद कर दिया तो दुकानदार अभिषेक से शिकायत करता था। अभिषेक ने राधे से कई बार किस्त भरने को कहा पर वह नहीं माना तो गुस्से में अभिषेक ने उसका मोबाइल ही छीन लिया। मोबाइल छीने जाने से राधे आक्रोशित था। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। अभिषेक को पार्टी करने के नाम पर घर से बुलाया। दूर इलाके में ले गया। पार्टी और नशा करने के बाद पहले उसे गोली मारी फिर गर्दन और पैर काट दिया।