हरियाणा पुलिस की महिला अधिकारी 60,000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ हुई थी गिरफ्तार, चालान पेश

सोनीपत। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो ने सोनीपत के सिविल लाइंस थाने में तैनात महिला पुलिस उप-निरीक्षक मंजु के खिलाफ 60,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में चालान पेश किया है। यह मामला 27 अगस्त 2025 को सोनीपत की एक अदालत में पेश किया गया। ब्यूरो को एक शिकायतकर्ता से शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसके खिलाफ दर्ज एक मामले (अभियोग संख्या 169, दिनांक 21.06.2025) की जांच कर रही पुलिस अधिकारी मंजु, मामले को खत्म करने (कैंसलेशन रिपोर्ट) के बदले 60,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रही थी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने तुरंत कार्रवाई की। ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी महिला पुलिस उप-निरीक्षक मंजु को शिकायतकर्ता से 60,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस गिरफ्तारी के बाद, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और आम जनता में कानून के प्रति विश्वास को मजबूत करती है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.