गोहाना. हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में 23 साल की बेटी की हत्या के आरोप में पुलिस ने ट्रांसपोर्टर माता-पिता, उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. देवीनगर इलाके में हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था. हत्या के पीछे की वजह भी सामने आई है. 23 साल की बेटी लव मैरिज करना चाहती थी लेकिन परिवार इसके खिलाफ था.
दरअसल, 23 वर्षीय नर्सिंग छात्रा चीनू की उसके ही परिवार ने बेरहमी से हत्या कर दी थी इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पिता, मां और भाई—तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने तेजधार हथियार से अपनी ही बेटी का गला रेत दिया. घर के अंदर हुई इस वारदात ने पूरे मोहल्ले को सन्न कर दिया. खून से लथपथ हालत में युवती को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
मृतका चीनू 23 वर्ष की थी और नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी. वह अपने करियर को लेकर गंभीर थी और परिवार के साथ ही रहती थी. उसकी इस तरह से हत्या किए जाने से उसके जानने वालों में गहरा सदमा है. पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या में पिता के साथ-साथ मां और भाई की भी भूमिका संदिग्ध है. इसी आधार पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है. आरोप पिता, मां और भाई को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस अब रिमांड के दौरान हत्या के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है. डीसीपी गोहाना जितेन्द्र गहलावत ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.