चरखी दादरी में बाइक सवार को स्कॉर्पियो से धक्का मार गिराया, अंधाधुध फायरिंग कर बेटे की हत्या, मां घायल

चरखी दादरीः दादरी शहर की प्रेमनगर कॉलोनी स्थित ढाणी रोड पर मर्डर की सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई. रोहतक के सुनारिया गांव निवासी 34 वर्षीय पंकज अपनी मां बीरमति को बाइक पर बैठाकर ढाणी फोगाट लौट रहा था. इसी दौरान गली नंबर-7 के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. बाइक से गिरते ही बदमाशों ने पंकज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वारदात में उसकी मां बीरमती भी घायल हो गईं.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजाः घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, डीएसपी कप्तान सिंह और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायल मां का प्राथमिक उपचार कराने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है.

‘पुरानी रंजिश और गैंगवार का मामला’: सिटी पुलिस थाना के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर भीम सिंह ने बताया कि “सूचना मिली थी कि रोहतक के सुनारिया निवासी पंकज की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर मृतक की मां के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया है. घटनास्थल से करीब 4 कारतूस के खोल बरामद हुए हैं. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात में 2 लोग सवार थे, जिनमें से एक आरोपी की पहचान झज्जर जिला के गांव गौच्छी निवासी रोबिन के रूप में हुई है. यह मामला आपसी पुरानी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है.”

2022 के हत्याकांड से जुड़ा है तारः पुलिस जांच के अनुसार, मृतक पंकज खुद मर्डर के एक मामले में आरोपी था और इसी साल अप्रैल में जमानत पर बाहर आया था. एसआई भीम सिंह ने बताया कि “वर्ष 2022 में आरोपी रोबिन गोछी के भाई की हत्या हुई थी, जिसमें पंकज आरोपी था. माना जा रहा है कि उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है.”

आरोपियों की तलाश में 4 टीमें गठित: जांच अधिकारी भी सिंह ने बताया कि “आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं.” पुलिस का कहना है कि “पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की तफतीश में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.”