हरियाणा में मां के पैर की हड्डी टूटी, तो बेटा लेकर पहुंच गया अस्पताल, डॉक्टरों ने कर दिया दिल का ऑपरेशन… हुई मौत

पानीपत: हरियाणा के पानीपत शहर के GT रोड स्थित पार्क अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही, धोखाधड़ी और मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सड़क दुर्घटना में पैर की हड्डी टूटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराई गई एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. हैरत की बात यह है कि पैर की हड्‌डी टूटी थी और डॉक्टरों ने दिल का ऑपरेशन कर दिया.

मृतका के परिजनों का गंभीर आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने उनसे बिना कोई अनुमति लिए और उनके फर्जी हस्ताक्षर करके महिला के दिल में छल्ला डाल दिया. परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर मिलीभगत, लापरवाही और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर-29 में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अस्पताल के डॉक्टरों पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है.

सड़क हादसे के बाद पैर के इलाज के लिए कराया था भर्ती
मूल रूप से कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश) के ग्राम काशीपुर निवासी और हाल में पानीपत के रमेश नगर में किराए पर रहने वाले कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जुलाई को उनकी माता गुड्डी देवी एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं. हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके इलाज के लिए परिजनों ने उन्हें GT रोड स्थित पार्क अस्पताल में दाखिल कराया था. परिजनों को उम्मीद थी कि पैर का सही इलाज होने के बाद उनकी मां जल्द ठीक होकर घर लौट आएंगी.

बिना पूछे डाला छल्ला और किए फर्जी दस्तखत
शिकायतकर्ता कुलदीप के अनुसार, अगले ही दिन 25 जुलाई को अस्पताल के डॉक्टरों ने परिजनों को बिना कोई पूर्व सूचना दिए और बिना उनकी सहमति के महिला के दिल का ऑपरशेन कर दिल में छल्ला डाल दिया. इतना ही नहीं, इस गंभीर प्रक्रिया के लिए सहमति पत्र पर परिजनों के फर्जी हस्ताक्षर भी कर लिए गए. परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की भनक तक नहीं लगने दी गई और गलत व बिना जरूरत इलाज के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मां गुड्डी देवी की दर्दनाक मौत हो गई.

कार्रवाई न करने का दबाव
पीड़ित बेटे ने पुलिस को बताया कि मां की मौत के बाद जब उन्होंने इस पूरी लापरवाही पर अस्पताल प्रबंधन से सवाल-जवाब किए, तो अस्पताल प्रशासन अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा उन पर दबाव बनाने लगा. आरोप है कि पार्क अस्पताल के प्रशासन ने पीड़ित परिवार को धमकी भरे लहजे में कहा कि तुम्हें जो करना है कर लो, हम पर कोई असर नहीं पड़ेगा. अपनी मां को खो चुके युवक को न्याय की गुहार लगाने के लिए आखिरकार पुलिस की शरण लेनी पड़ी.

थाना सेक्टर-29 में शिकायत दर्ज, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-29 पुलिस ने मामले में शिकायत प्राप्त कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनकी मां की मौत के जिम्मेदार डॉक्टरों और पार्क अस्पताल प्रशासन के खिलाफ हत्या की लापरवाही व धोखाधड़ी की धाराओं के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

इस बारे में SHO ने बताया कि शिकायत के आधार पर पार्क अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ BNS की धारा 106, 318(4) व 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. शव का आज पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा, जिसमें मौत के असल कारणों का खुलासा होगा. वहीं, पार्क अस्पताल की सीईओ सपना को कॉल किया गया, तो उन्होंने इस बारे में कुछ भी बताने के लिए आधा घंटे का समय लिया. पार्क हॉस्पिटल की CEO सपना ने कहा कि FIR कॉपी देखने के बाद वह अपना पक्ष रखेंगी.