फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. जिसमें मृतक पति-पत्नी सहित उनका एक 5 वर्षीय बेटा शामिल है. घटना फरीदाबाद के सरूरपुर इलाके की है. जहां पर परिवार के चार सदस्य पति-पत्नी बेटा सहित परिवार का एक सदस्य जो कि मृतक युवक का भाई था. सभी एक साथ सो रहे थे लेकिन परिवार के तीन सदस्य सुबह मृत अवस्था में मिले. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस का कहना है कि घर में अंगीठी तो मिली थी लेकिन मौत की वजह क्या रही अभी यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
बता दें परिवार के चार सदस्य एक साथ रहते थे जिसमें मृतक रमेश उसकी पत्नी ममता और 5 वर्षीय बेटे छोटू के साथ-साथ मृतक रमेश का भाई भी रहता था. मकान मालिक के मुताबिक रमेश उसकी पत्नी, उसका भाई सभी मजदूरी करते थे. जिन्होंने 2 महीने पहले ही उनके यहां किराए पर मकान लिया था जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे. मकान मालिक परशुराम के मुताबिक, मृतक के भाई ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि भैया-भाभी और भतीजा उठ नहीं रहे हैं, आप जल्दी घर आओ जिसके बाद जब घर पहुंचा तो देखा कि तीनों मृत अवस्था में फर्श पर पड़े थे.
परशुराम के मुताबिक मृतक के भाई ने उन्हें बताया कि रात को भाभी ने हलवा बनाया था जिसे सभी ने खाया था लेकिन सुबह उसकी 5:00 बजे नींद खुली तो उसने भैया भाभी को जगाने की कोशिश की. लेकिन वह नहीं जगे तो वह दोबारा वही हलवा खा कर लेट गया. परशुराम के मुताबिक मृतक रमेश की नाक मुंह से खून आ रहा था. बाकियों के मुंह से झाग आ रहा था जिसकी जानकारी उन्होंने तुरंत पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया.