बिहार में रिटायर होमगार्ड जवान की हत्या, तब तक चाकू मारा, जब तक मौत नहीं हो गयी

गया: बिहार के गया में होमगार्ड जवान की चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मुंद्रिका यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार यह घटना बेलागंज थाना के टिकुली गांव में घटित हुई. मंगलवार की संध्या को हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है.

बाइक चोरी के विवाद में हत्या: जानकारी के अनुसार बीती रात बेलागंज थाना के टिकुली गांव निवासी मुद्रिका यादव के दामाद की बाइक चोरी हो गई थी. इस मामले को लेकर बेलागंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. ग्रामीणों के अनुसार बाइक चोरी की घटना को लेकर मंगलवार की शाम को पड़ोस के रहने नीतीश कुमार व अन्य से पूछताछ हुई.

मौत होने तक गोदा चाकू: इसको लेकर पड़ोसी से कहासुनी हुई, जो फिर बाद में विवाद के रूप में तब्दील हो गया. ग्रामीणों के अनुसार इस क्रम में नीतीश कुमार ने बार-बार धारदार चाकू से मुंद्रिका यादव पर हमला कर दिया, उसके शरीर के कई स्थानों पर धारदार हथियार से हमला किया गया. रिटायर्ड चौकीदार मूंडिका यादव पर तब तक चाकू से हमला किया जाता रहा, जब तक की उसकी मौत नहीं हो गई.

छानबीन के लिए पहुंची पुलिस: मुद्रिका यादव की मौत के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही बेलागंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी. विधि व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना के बाद स्थिति पर नजर रख रहे हैं. गांव में तनाव और दहशत का आलम व्याप्त हो गया है.

“घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है. घटना की जानकारी होते ही बेलागंज थाना के अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे. मामले में पुलिस की कार्रवाई चल रही है, जो भी इस घटना में संलिप्त होगें, उनके खिलाफ सख्त कड़ी कार्रवाई की जाएगी.” -रवि प्रकाश सिंह, डीएसपी, विधि व्यवस्था

गांव में दहशत का माहौल: इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. वही, विधि व्यवस्था डीएसपी ने इस घटना में कड़ी कार्रवाई को लेकर पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है.