हरियाणा के झज्जर में जेल से जमानत पर बाहर आया पति, पत्नी की 8 गोलियां मारकर की हत्या

झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले के बिरधाना गांव में एक दिला दहला देने वाला मामला सामने आया है। जिले के बिरधाना गांव निवासी संजय ने कथित रूप से अपनी पत्नी अंजली की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी ने अपने घर के बाहर ही पत्नी पर 8 राउंड फायरिंग की और फरार हो गया। पत्नी अंजलि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। सोमवार देर शाम हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

जेल से जमानत पर बाहर आया था पति
पुलिस से मिली जानकारी अनुसारस आरोपी संजय के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है और वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद संजय ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की असली वजह क्या है इसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

एसीपी भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अनिल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। सीआईए और स्पेशल स्टाफ सहित कई पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और परिजनों व ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। सबूत जुटाने के बाद मृतका अंजली के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।