चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़े अपराध को अंजाम देने की साजिश को नाकाम करते हुए कुख्यात गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमर सिंह उर्फ ‘मुच्छ’ के रूप में हुई है, जो लॉरेंस बिश्नोई–काला राणा/नौनी राणा गैंग का सक्रिय और खतरनाक सदस्य है।
खुफिया सूचना पर पकड़ा गया गैंगस्टर
एसटीएफ ने इस गैंगस्टर को 25 नवंबर को करनाल–इंद्री रोड से विशेष खुफिया सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। एसटीएफ करनाल के प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। गैंगस्टर अमर सिंह पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से विदेशी स्वचालित पिस्तौल और कारतूस भी मिले। 26 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया, जहाँ से गहन पूछताछ के लिए 6 दिन की पुलिस रिमांड दी गई।
बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था अपराधी
पूछताछ में अमर सिंह ने कबूल किया कि वह अपने गैंग लीडर नौनी राणा के निर्देश पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। उसने बताया कि कुछ दिन पहले वह विस्फोटक सामग्री लेकर करनाल आया था और इसे एक सुनसान स्थान पर छिपाकर ‘सही समय’ का इंतजार कर रहा था। उसकी निशानदेही पर एसटीएफ ने कर्ण झील के पीछे झिंझरी गाँव के पास खुदाई कर दो हैंड ग्रेनेड और एक IED बरामद की।
फॉरेंसिक टीम ने पकड़े विस्फोटक
मौके पर फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को बुलाकर विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से नष्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच से स्पष्ट हुआ है कि गैंग का उद्देश्य करनाल और आसपास के जिलों में किसी बड़े हिंसक हमले को अंजाम देना था।