मेरठ: हरियाणा से वांटेड अपराधी को पकड़ने आई पुलिस की जान पर बन आई. शुक्रवार शाम कचहरी में बदमाश को पकड़ने के दौरान वांटेड अपराधी सुखदेव के साथियों और वकीलों ने हरियाणा पुलिस पर हमला कर दिया. उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया. कैथल जिले से आई पुलिस की सीआईए (Crime Investigation Agency) टीम को दौड़ा लिया गया. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, मेरठ के कचहरी परिसर में शुक्रवार शाम मौजूद लोग और वकील हरियाणा पुलिस से भिड़ गए. इस दौरान काफी देर तक गहमा-गहमी का माहौल रहा. हरियाणा पुलिस ने कोई सूचना स्थानीय अथॉरिटी को नहीं दी थी. कचहरी में अपराधी को दबोचने के लिए उनकी टीम फैली हुई थी. जब वह बदमाश आता दिखा, तो उसे टीम अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगी. उनके हाथों में हथियार भी थे, लेकिन लोग और वांटेड के साथी पुलिस से भिड़ गए.
युवती की किडनैपिंग का मामला: जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के कैथल जिला स्थित गुला थाने में 12 मई को एक युवती का अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में मेरठ के दो लोग नामजद है. इन्हीं दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस मेरठ कचहरी पहुंची थी.
उन्हें सोर्स से पता चला था कि वांटेड अपराधी मेरठ कचहरी में आया है. इसके बाद हरियाणा पुलिसकर्मी वहां वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास करने लगे. तभी कचहरी परिसर में हाईइवोल्टेज हंगामा हो गया. पुलिस से वकीलों की नोकझोंक भी हुई. हरियाणा पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की गई.
सूचना पर सीओ कोतवाली अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे. सभी को शांत कराया गया. सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने कहा कि कैथल हरियाणा से आई सीआइए की टीम ने कचहरी परिसर स्थित 13 न्यायालय भवन के सामने से जानलेवा हमले के आरोपित को जिस वक्त उठाने का प्रयास किया, तभी हंगामा हो गया था. उन्होंने कहा कि हंगामे की पड़ताल की जा रही है. हरियाणा से आई पुलिस ने सुखदेव को गिरफ्तार कर लिया है.
बदसलूकी करने वालों की शिनाख्त: सीओ ने कहा कि वकीलों द्वारा जो बदसलूकी की गई और जिन अन्य लोगों द्वारा बदसलूकी की गई है, उनकी शिनाख्त की जा रही है. देर रात तक हरियाणा पुलिस थाने में ही मौजूद थी. वहीं, पकड़े गए बदमाश के परिजनों का कहना है, कि उन्होंने पुलिस को नहीं पहचाना क्योंकि कोई भी वर्दी में नहीं था. फिलहाल पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी है.
यह दो आरोपी हैं वांटेड: हरियाणा पुलिस के मुताबिक, युवती के अपहरण और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था. हरियाणा पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. इस गंभीर मुकदमे में आठ लोग नामजद किए गए थे. नामजद लोगों के नाम सुखदेव उर्फ सुखी पुत्र प्रेम सिंह निवासी मिर्जापुर, मवाना थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वहीं दूसरा आरोपी मनप्रीत निवासी ग्राम नीमका, परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र का है.