यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से शहर में सनसनी फैल गई. 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. पहला मामला साढ़ौरा से सामने आया है, जहां एक इमीग्रेशन संचालक के घर पर बदमाशों ने गोलियां बरसाई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और एक युवक को गिरफ्तार किया. लोगों को उम्मीद थी कि गिरफ्तारी के बाद अपराधियों के हौसले पस्त होंगे. लेकिन अगले ही दिन शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन से फिर गोली चलने की खबर आई.
पॉश इलाके में सनसनी: शहर के सबसे पॉश इलाके मॉडल टाउन में बरनाला शॉपिंग मॉल के बाहर रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे 2 बाइक सवार बदमाशों ने दो राउंड फायर कर सनसनी मचा दी. हैरानी की बात यह है कि यह मॉल एसपी के आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर है. जहां शाम के समय काफी भीड़ रहती है. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. CCTV में बदमाश बाइक पर भागते हुए नजर आए. इस वारदात के बाद व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है. क्योंकि एक ओर तो कारोबार का दबाव झेल रहा है और दूसरी ओर बदमाशों की इस तरह की हरकतें उनकी सुरक्षा पर संकट पैदा कर रही है.
24 घंटे के भीतर दो फायरिंग वारदात: यमुनानगर पुलिस अधीक्षक, कमलदीप गोयल के आने के बाद से जिले में अपराधियों पर कुछ हद तक लगाम लग गई थी. लेकिन इन दो घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि बदमाश बेखौफ होकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं. 24 घंटे के भीतर दो बार फायरिंग की घटनाओं ने आम जन के मन में डर पैदा किया है. साथ ही पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
फायरिंग के बाद सीसीटीवी में भागते दिखे बदमाश
पुलिस ने साधी चुप्पी: शहर में दो-दो फायरिंग की वारदात होने के बाद डरे-सहमे लोगों की नजरें पुलिस की कार्यप्रणाली पर टिकी हुई हैं. लेकिन जब मीडिया ने पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की तो बचते नजर आए और कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. देखना होगा पुलिस कब अपनी चुपी तोड़ेगी. बदमाशों को सलाखों के पीछे डालेगी.