हिसार। हरियाणा में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। सोमवार शाम को हिसार-भिवानी में तेज वर्षा हुई। वहीं, 28 जुलाई से प्रदेश के अधिकतम जिलों में तेज वर्षा का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन के समय धूप निकलने और उमस ज्यादा होने से अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के हिसार और भिवानी में तेज वर्षा के अलावा यमुनानगर, सिरसा, पानीपत और फतेहाबाद में हल्की वर्षा हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून फिर सक्रिय हुआ है। सोमवार शाम को अचानक से मौसम में बदलाव हुआ। दिन में हल्की बूंदाबांदी हुई। लेकिन शाम को तेज हवाएं चलीं। उसके बाद तेज वर्षा हुई।
इससे सड़कों पर जलभराव हो गया। करीब 45 मिनट तक हिसार में तेज वर्षा हुई। मौसम विज्ञानियों की मानें तो 28 जुलाई से मानसून फिर से ज्यादा सक्रिय होगा। इसके चलते सात जिलों में तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के बाकी इलाकों में वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत व सोनीपत।
यलो अलर्ट
कैथल, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल।