कुरुक्षेत्र. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के थीम (केशव) पार्क में एक सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फेल गई. शव के समीप ही एक चाकू भी मिला है. मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शख्स की पहचान में जुट गई है. वहीं, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को जुटाने में जुट गई. हालांकि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई.
जानकारी के मुताबिक, मृतक दिव्यांग बताया जा रहा है और उम्र 35 से 40 वर्ष के करीब बताई जा रही है, लेकिन सिर न मिलने के कारण पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. लाश के पास से मिले चाकू को पुलिस भी पुलिस ने कब्जे में लिया है.
पुलिस के मुताबिक, सुबह थीम पार्क में स्टेज के पीछे किसी व्यक्ति की सिर कटी लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी. मृतक ने नीले रंग का लोअर और स्वेटशर्ट डाली हुई थी. हालांकि, मृतक की जेब से किसी भी तरह का कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है.
एएसपी प्रतीक गहलोत ने बताया कि थीम (केशव) पार्क में सिर कटे व्यक्ति का शव मिला है, मृतक दिव्यांग है और शुरुआती जांच में पाया गया कि चाकू नया है और इसी के साथ ही वारदात को अंजाम दिया गया है. अभी मृतक व्यक्ति का सिर नहीं मिल पाया, इसलिए पहचान नहीं हो पाई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन डेटा की पड़ताल कर रही है, ताकि जल्द अपराधियों तक पहुंचा जा सके.